इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग द्वारा सरकार बनाने का निमंत्रण मिलने के बाद पूर्व सेना प्रमुख गादी आइसेनकोट एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वे अपने सिद्धांतों और सादगी के लिए जाने जाते हैं। 4 फरवरी 2011 को तत्कालीन रक्षा मंत्री एहुद बराक के फोन पर वे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आवास पहुंचे, जहां उन्हें नया सेना प्रमुख बनाने का प्रस्ताव दिया गया। आइसेनकोट ने इसे विनम्रता से ठुकरा दिया, क्योंकि उनका मानना था कि सेना में उनसे वरिष्ठ तीन डिप्टी चीफ इस पद के असली हकदार हैं। बाद में उन्हीं की सलाह पर बेनी गैंट्ज को नया सेना प्रमुख नियुक्त किया गया।
दिसंबर 2023 में उत्तरी गाजा में एक धमाके में उनके सबसे छोटे बेटे मास्टर सार्जेंट गाल की जान चली गई। गाल उस समय अक्टूबर में हमास द्वारा बंधक बनाए गए दो इजरायली नागरिकों के अवशेष खोजने के अभियान में जुटे थे। द टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, आइसेनकोट ने कहा था कि वे बीते वक्त को नहीं बदल सकते, लेकिन गाल के सर्वोच्च बलिदान के योग्य खुद को साबित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
19 मई 1960 को जन्मे आइसेनकोट के माता-पिता एस्थर और मेइर मोरक्को से आकर इजरायल बसे थे। वे मिजराही यहूदी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। नवंबर 1978 में 18 वर्ष की आयु में सेना से जुड़े आइसेनकोट ने करीब 40 साल देश की सेवा की। 2015 में वे सेनाध्यक्ष बने और 2019 तक इस पद पर रहे। अगस्त 2016 में अमेरिका ने उन्हें कमांडर ऑफ द लीजन ऑफ मेरिट सम्मान से नवाजा। 2022 में वे बेनी गैंट्ज की पार्टी से जुड़े और 2023 में सांसद चुने गए। अक्टूबर 2023 में हमास के हमले के बाद बनी वॉर कैबिनेट में भी वे शामिल रहे।
सितंबर 2025 में उन्होंने 'यशार' नाम से अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई। अक्टूबर 2026 के चुनाव में इस पार्टी ने करीब 16 प्रतिशत वोट और 21 सीटें हासिल करते हुए देश की दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आइसेनकोट को अक्सर रूखा, करिश्मे से दूर और फौलादी रीढ़ वाला बताया जाता है। हालांकि, उनका नाम एक बड़े सैन्य विवाद से भी जुड़ा रहा है। साल 2008 में उन्होंने बयान दिया था कि इजरायल की ओर चलने वाली हर गोली के जवाब में अत्यधिक और असमान ताकत का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें इमारतों, सड़कों और बुनियादी ढांचे को नष्ट करना भी शामिल है। चूंकि ऐसी कार्रवाई 2006 में बेरूत के दाहिया इलाके में की गई थी, इसलिए इस नीति को दाहिया डॉक्ट्रिन नाम दिया गया।
