गंगा एक्सप्रेसवे के पहले पैकेज पर यात्रा करने वाले सीएनजी वाहन चालकों को राहत मिली है। संभल स्थित रेस्ट एरिया में गुरुवार को सीएनजी पंप शुरू हो गया, जिसके बाद वहां गैस भरवाने के लिए वाहनों की कतार लग गई। एक्सप्रेसवे की संचालनकर्ता एजेंसी के मुख्य महाप्रबंधक अनूप सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी ऑनलाइन गैस की सुविधा नहीं है और टैंकरों के माध्यम से सीएनजी उपलब्ध कराई जा रही है।
मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के पहले पैकेज में पेट्रोल, डीजल और ईवी चार्जिंग स्टेशन तो उपलब्ध थे, लेकिन सीएनजी नहीं थी। इस कारण सीएनजी चलित वाहनों को भी इस मार्ग पर पेट्रोल या डीजल से यात्रा करनी पड़ रही थी। करीब सात महीने के इंतजार के बाद किमी 125 पर संभल स्थित रेस्ट एरिया में यह सुविधा शुरू हुई।
मुख्य महाप्रबंधक के अनुसार, ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण सीएनजी का संकट पैदा हुआ, जिससे नए स्टेशनों की प्रक्रिया अटक गई थी। इसी कारण एक्सप्रेसवे पर स्थापित होने वाले सीएनजी के दोनों नए स्टेशनों को भारत सरकार से अनुमति नहीं मिल सकी थी। जुलाई के पहले सप्ताह में अनुमति मिलने के बाद अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में समय लगा। यह क्षेत्र मेघा गैस को आवंटित है।
एजेंसी का दावा है कि मेरठ के पास स्थित शाहजहांपुर रेस्ट एरिया में भी जल्द यह सुविधा शुरू हो जाएगी। अभी वहां ऑनलाइन सीएनजी सेवा शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। मेरठ से बदायूं तक 132 किमी लंबे पहले पैकेज का संचालन आईआरबी इंफ्रा कंपनी के पास है, जिसने शाहजहांपुर और संभल में रेस्ट एरिया बनाकर यात्रियों के लिए पेट्रोल, डीजल, रेस्टोरेंट और ईवी चार्जिंग स्टेशन समेत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
