हिंदू धर्म के अठारह महापुराणों में शामिल गरुड़ पुराण में भगवान विष्णु और उनके वाहन गरुड़ के बीच हुए संवाद का वर्णन मिलता है। इस धार्मिक ग्रंथ के अनुसार दूसरों की निंदा करना, नारी का अपमान करना तथा माता-पिता और गुरु का अनादर करना गंभीर पाप माना गया है। गरुड़ पुराण में कहा गया है कि इन कृत्यों से व्यक्ति को मृत्यु के बाद नरक में कठोर यातनाएं भोगनी पड़ती हैं, इसलिए इनसे बचना चाहिए।
गरुड़ पुराण के अनुसार किसी की पीठ पीछे बुराई करना पाप है। हंसी-मजाक में भी किसी की निंदा नहीं करनी चाहिए। ग्रंथ में यह भी कहा गया है कि ऐसा करने वाले को मृत्यु के बाद नरक की कठोर यातनाएं सहनी पड़ती हैं। इसी तरह जो लोग नारी का सम्मान नहीं करते और उनका अपमान करते हैं, उन्हें परलोक में भयावह दंड मिलने की बात कही गई है।
गरुड़ पुराण के प्रेतकल्प में वर्णन है कि जो लोग दूसरों को नीचा दिखाने का काम करते हैं, उन्हें मृत्यु के बाद यमलोक में कठोर यातनाएं सहनी पड़ती हैं। इसके अलावा जो माता-पिता और गुरु का अपमान करते हैं, उन्हें मृत्यु के बाद शांति नहीं मिलती और नरक में भूखा-प्यासा रहना पड़ता है।
ग्रंथ में यह सलाह भी दी गई है कि यदि किसी व्यक्ति की कोई बात अच्छी न लगे तो पीठ पीछे उसकी बुराई करने के बजाय उससे बैठकर संवाद करना चाहिए या मौन रहकर अपने सुधार पर ध्यान लगाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि इस लेख में दी गई जानकारी धर्मग्रंथों और मान्यताओं पर आधारित है, जिसे अंतिम सत्य या दावा न मानकर अपने विवेक का उपयोग करना चाहिए।
