गया जिले के गुरपा स्थित पर्यटक स्थल पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब वियतनाम से आए करीब 100 बौद्ध भिक्षुओं ने पूजा-अर्चना के बाद गरीबों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण शुरू किया। सामग्री लेने के लिए ग्रामीणों की भीड़ अचानक टूट पड़ी और आपाधापी के बीच लोग सामग्री झपटकर लेने लगे। कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार वियतनाम से आए बौद्ध भिक्षु पहाड़ की तराई में पहुंचे थे, जहां उन्होंने खाद्य सामग्री सजाकर करीब एक घंटे तक पूजा-अर्चना की। पूजा समाप्त होने के बाद भिक्षुओं ने वहां मौजूद गरीब लोगों के बीच सामग्री बांटनी शुरू की। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग सामग्री लेने के लिए आगे बढ़ने लगे और देखते ही देखते भीड़ में आपाधापी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोग सामग्री लेने के लिए इतने आतुर हो गए कि वितरण स्थल पर व्यवस्था बिगड़ गई और लोग जिसे जो मिला, उसे लेकर वहां से चले गए। कुछ देर के लिए स्थिति ऐसी हो गई कि वहां मौजूद लोगों को संभालना मुश्किल हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार पर्यटक और बौद्ध भिक्षु अक्सर पहाड़ की तराई में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री, कपड़े और कंबल आदि का वितरण करते हैं। ऐसे में वितरण के दौरान हुई इस आपाधापी की घटना से पर्यटक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ के नीचे सुरक्षा चौकी और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मुखिया और स्थानीय ग्रामीण पहले भी जिला प्रशासन से पहाड़ के नीचे सुरक्षा चौकी और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था करने की मांग कर चुके हैं। पहाड़ से गुरपा थाना की दूरी तीन किलोमीटर है और इस बीच एक रेलवे क्रॉसिंग है, जिसे जल्दबाजी में बंद रहने पर पार करना कठिन काम होता है।

गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना थाना को नहीं मिली है। फिर भी मामले की जानकारी जुटाकर अपने स्तर से जांच-पड़कल की जाएगी और इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।