गाजीपुर के पतार गांव की सदियों पुरानी धोबिया लोकनृत्य परंपरा अब देश के सांस्कृतिक मंचों पर अपनी छाप छोड़ रही है। कलाकार जीवनलाल ने सात वर्ष की उम्र से अपने दादा स्व. रामजन्म से इस कला की बारीकियां सीखीं और आज 15 सदस्यीय टीम के साथ इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। पखावज, झांझ, कसावज, दंडताल और रणशिंगा जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर होने वाली यह प्रस्तुति पहले गांवों की शादियों और उत्सवों तक सीमित थी।
सांस्कृतिक विभाग में पंजीकरण के बाद टीम को अयोध्या, काशी सहित प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तुति के अवसर मिल रहे हैं। जीवनलाल की टीम को अब तक सौ से अधिक पुरस्कार मिल चुके हैं। वर्ष 2005 में आंध्र प्रदेश में आयोजित युवा महोत्सव के लिए उनका चयन हुआ, जबकि 2007 में पुणे के शिवाजी स्टेडियम में प्रस्तुति का मौका मिला। इसके अलावा गुवाहाटी, टीकमगढ़, दिल्ली के प्रगति मैदान में अंतरराष्ट्रीय विश्व पुस्तक मेले और हरियाणा के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में भी इस लोकनृत्य का प्रदर्शन किया गया। संगीत नाटक अकादमी के कार्यक्रम में मालिनी अवस्थी के साथ मंच साझा करने का अवसर भी मिला। अयोध्या के दीपोत्सव में हर वर्ष टीम को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जाता है।
अयोध्या में जापानी संगीतकार श्याओ कोमादा के साथ जापानी वाद्य यंत्र की धुन पर गाया गया गीत 'चंपवा की कलियां निराली' काफी चर्चित हुआ, जिसमें भारतीय लोकधुन और जापानी संगीत का संगम देखने को मिला। 15 अगस्त को गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में भी टीम ने 'मोरा छतवा में बसेला प्राण हो' सहित पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति दी। टीम में गाजीपुर के कबूतरी, मरदह, रानीपुर, पलिया, मनिहारी और टाड़ी क्षेत्र के करीब 15 कलाकार शामिल हैं।
जीवनलाल का कहना है कि पहले यह नृत्य गांवों की शादियों और उत्सवों तक सीमित था, लेकिन पंजीकरण और विभिन्न राज्यों में प्रस्तुतियों से इसे व्यापक पहचान मिली है। अब उनकी चिंता इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की है। वह चाहते हैं कि धोबिया लोकनृत्य को एक जिला-एक कला योजना में शामिल कर कलाकारों को संरक्षण, प्रशिक्षण और नियमित मंच उपलब्ध कराया जाए, जिससे दादा से मिली यह सांस्कृतिक धरोहर आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।
