गाजियाबाद में दिसंबर के बिजली बिलों में सरचार्ज घटने से करीब 11.87 लाख उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने दिसंबर 2026 के बिलों के लिए फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (एफपीपीएएस) की दर -3.32 प्रतिशत तय की है। इसका लाभ घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक समेत सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को मिलेगा।

जिले में विद्युत निगम के तीनों जोन में हर महीने करीब 600 करोड़ रुपये से अधिक का करंट असेसमेंट तैयार होता है। जोन-एक और जोन-दो में लगभग 150-150 करोड़ रुपये तथा जोन-तीन में करीब 300 करोड़ रुपये का मासिक असेसमेंट है। इस राशि पर सीधे 3.32 प्रतिशत की गणना करने पर करीब 20.38 करोड़ रुपये की राहत मिलने की बात कही गई है।

अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एफपीपीएएस कोई स्थायी शुल्क नहीं है, यह हर माह बदलता रहता है। नियामक व्यवस्था के तहत किसी माह का एफपीपीएएस लगभग तीन माह पहले की बिजली खरीद लागत के आधार पर तय किया जाता है। ऐसे में सितंबर में लागत कम रहने का लाभ दिसंबर के बिलों में उपभोक्ताओं को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि एफपीपीएएस के माइनस होने का मतलब है कि बिजली खरीद की लागत अनुमान से कम रही। इसके चलते उपभोक्ताओं के ऊर्जा प्रभार (एनर्जी चार्ज) में समायोजन किया जाएगा और बिल पर अतिरिक्त बोझ पड़ने के बजाय राहत मिलेगी।