संवादी द्वारा लखनऊ के मालवीय सभागार में कवि गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कवियों ने प्रेम, देशप्रेम और प्रेरणा पर अपनी रचनाएं सुनाईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने इसे पिछले 10 वर्षों की सर्वश्रेष्ठ कवि गोष्ठी बताया।
गोष्ठी का संचालन कवि अजहर इकबाल ने किया। सबसे पहले गोपालगंज के सर्वेश तिवारी ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिनमें धर्म और प्रेम पर पंक्तियां शामिल थीं। युवा कवि रामायणधर द्विवेदी ने प्रेरणादायक गीतों से युवाओं में जोश भरा। वीर रस के कवि जगदीप शुक्ल अंचल ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को प्रभावित किया।
वरिष्ठ गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने जब अपनी रचनाएं सुनाईं, तो श्रोता उनकी लय में बंध गए। कवयित्री अनामिका अंबर ने अपने गीतों और व्यंग्य से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी रचनाओं में देशप्रेम और सामाजिक सरोकार की झलक देखने को मिली।
सभागार में रचनाओं पर तालियां गूंजती रहीं और श्रोताओं ने कवियों से बार-बार रचनाएं सुनाने की गुजारिश की। कवियों ने प्रेम, इंसानियत और देशप्रेम के भाव शब्दों में पिरोकर माहौल को ऊर्जा से भर दिया।
