रांची में पॉक्सो की विशेष अदालत ने जन्म से नेत्रहीन बेटी के यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने के मामले में शुक्रवार को माता-पिता को दोषी करार दिया है। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तारीख तय की है।

पॉक्सो की विशेष न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने यह फैसला सुनाया। सुनवाई के दौरान दोनों दोषियों को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया। मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से जुड़ा है और प्राथमिकी एक जुलाई 2025 को दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके पिता और भाइयों ने कई वर्षों तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। इसके बाद मां ने कांके के बोड़िया स्थित चंद्रा अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद चार्जशीट दाखिल की थी।

अदालत ने साक्ष्य और गवाहों के परीक्षण के बाद पिता और मां को दोषी ठहराया। भाई नाबालिग होने के कारण उसके मामले की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में चल रही है।