गाजियाबाद में पुराने वाहनों से होने वाला प्रदूषण शहर की हवा की गुणवत्ता के लिए गंभीर चिंता बना हुआ है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों की संख्या लाखों में है। कुल 3,96,453 एंड आफ लाइफ (ईओएल) वाहन दर्ज किए गए हैं, जिनमें 26,853 व्यावसायिक वाहन, 45,670 निजी चार पहिया वाहन और 2,24,765 दोपहिया वाहन शामिल हैं। यानी इनमें सबसे बड़ा हिस्सा दोपहिया वाहनों का है।
विभाग की ओर से अभियान चलाए जाने के बावजूद पुराने वाहनों का धुआं सड़कों पर देखा जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार अब तक 1,582 वाहन जब्त किए गए हैं और 24,424 वाहनों को स्क्रैप कराकर एनओसी जारी की गई है। जिले में आठ रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (आरवीएसएफ) संचालित हैं, लेकिन पुराने वाहनों की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
पुराने डीजल वाहन सूक्ष्म कणों और नाइट्रोजन आक्साइड के उत्सर्जन का प्रमुख स्रोत बन सकते हैं, जबकि पेट्रोल वाहनों से कार्बन मोनोआक्साइड और हाइड्रोकार्बन निकलता है। ये प्रदूषक हवा की गुणवत्ता खराब करने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डालते हैं। पड़ताल में शास्त्रीनगर में एक स्कूटी, लालकुआं के पास एक पुराने ट्रक और कविनगर में एक ट्रैक्टर से धुआं निकलता देखा गया।
आरटीओ प्रवर्तन डॉ. सियाराम वर्मा के मुताबिक, इस माह प्रदूषण फैलाने वाले 9,827 वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिनमें 70 प्रतिशत दोपहिया वाहन हैं। विभाग की ओर से सड़क पर प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
