गाजियाबाद पुलिस ने साइबर थाने में 10 नवंबर को एक्स के कुछ अकाउंट्स के अज्ञात संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, इन अकाउंट्स से अज्ञात स्थान की भीड़ के वीडियो के साथ गाजियाबाद में पांच मस्जिदें गिराए जाने, नमाज के दौरान पुलिस द्वारा गोली चलाने और विरोध में सड़कों पर उतरने जैसे फर्जी दावे किए गए थे। एफआईआर में कपूरफैम और क्यूटगर्लइंडिया 21 यूजर आईडी के अज्ञात संचालकों को आरोपी बनाया गया है। इन दावों से सांप्रदायिक तनाव और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका जताई गई है।

सूत्रों के मुताबिक, ये अकाउंट पाकिस्तान से संचालित हो रहे हैं। प्रारंभिक जांच में भी यही सामने आया है। पुलिस ने फर्जी पोस्ट हटाने के लिए एक्स को ई-मेल किया था, लेकिन अब तक न पोस्ट पूरी तरह हटी हैं और न ही अकाउंट बंद किए गए हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद भी इन खातों से अलग-अलग संवेदनशील विषयों को जोड़कर सुनियोजित नैरेटिव गढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जांच के अनुसार, तीनों अकाउंट्स पर मिलते-जुलते पोस्ट किए गए हैं, जिनमें गाजियाबाद में मस्जिद तोड़ने का फर्जी वीडियो भी शामिल है। दो अकाउंट तनुशी तिवारी के नाम से बनाए गए हैं, जबकि दोनों की यूजर आईडी अलग-अलग है। तीनों अकाउंट्स के फॉलोअर्स क्रमशः 225, 40 और 26 हैं, लेकिन कुछ वीडियो को 50 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। एक प्रोफाइल से अलग-अलग राज्यों और दो समुदायों को जोड़कर तनावपूर्ण दावे किए गए, जिसमें कभी गाजियाबाद में मस्जिद को घेरने की पुरानी तस्वीर साझा की गई, तो कभी तमिलनाडु में झड़प और मौतों की बातें लिखी गईं।

एक खाते पर राष्ट्रीय प्रतीकों वाली तस्वीर और भारतीय नाम लगाकर जुड़ाव दिखाया गया। इसी हैंडल से रक्षा तैयारियों, लड़ाकू विमानों, करतारपुर कॉरिडोर और संवेदनिशील घटनाओं पर झूठे दावे किए गए। यह हैंडल भी एफआईआर में शामिल है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राज करन नैयर के अनुसार, एक्स हैंडल बंद कराने के लिए पत्राचार किया गया है और जल्द ही इन्हें बंद कराया जाएगा तथा इनकी जांच की जाएगी।