गाजियाबाद जिले में नवंबर माह में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म संख्या छह भरने वालों की संख्या 97,072 तक पहुंच गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि एक से 25 नवंबर के बीच इतने लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया। इस आधार पर जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। ओवरऑल जनसंख्या के आधार पर जिले का प्रदेश में 19वां स्थान है।

इसी अवधि में 5,741 लोगों ने फॉर्म संख्या सात भरकर मतदाता सूची से नाम कटवाने और 16,062 लोगों ने फॉर्म संख्या आठ भरकर नाम, पते आदि में संशोधन के लिए आवेदन जमा किया। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 नवंबर को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन किया गया है। ड्राफ्ट पर 16 दिसंबर तक दावे व आपत्ति मिलेंगे, जिनका निस्तारण कर जनवरी में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

जिले की कुल जनसंख्या लगभग 52 लाख अनुमानित है और इसके आधार पर करीब 33 लाख लोगों को मतदाता बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ड्राफ्ट प्रकाशन के समय जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 23.24 लाख दर्ज है। करीब दस लाख मतदाताओं को और जोड़ने के लक्ष्य के तहत आमजन को जागरूक किया जा रहा है और बीएलओ के माध्यम से घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

गुरुवार को कलक्ट्रेट में मंडलायुक्त मेरठ और रोल आब्जर्वर भानु चंद गोस्वामी ने छूटे मतदाताओं को जोड़ने के अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कमजोर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को चिह्नित कर उनके कार्यों के सत्यापन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ की बूथों पर उपस्थिति अनिवार्य है। अब तक सबसे कम फॉर्म प्राप्त करने वाले 75 बीएलओ को चिह्नित कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सुपरवाइजर उनके साथ क्षेत्र में भ्रमण कर स्थलीय सत्यापन करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिवों, लेखपालों और कोटेदारों के माध्यम से छूटे मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने का कार्य किया जाए।