गाजियाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शाहबाद स्थित एसजीएस सिटी-2 परियोजना के लिए 26 नवंबर को हिंदी भवन सभागार में लकी ड्रा आयोजित किया गया। पात्रता सूची को लेकर आवेदकों ने नाराजगी जताई और हंगामा किया। आवेदकों का आरोप है कि करीब 6300 आवेदनों में से महज 1800 को पात्र घोषित किया गया, जबकि लगभग 4500 आवेदन अपात्र कर दिए गए। प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्होंने आय प्रमाण पत्र, किरायानामा और जाति प्रमाण पत्र समेत सभी जरूरी दस्तावेज निर्धारित समय में जमा किए थे, फिर भी उन्हें पात्रता सूची में शामिल नहीं किया गया।

आवेदकों ने डूडा पर भ्रष्टाचार और पात्रता निर्धारण प्रक्रिया में धांधली के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि जांच के नाम पर निजी लोगों के जरिए आवेदकों से दो से पांच हजार रुपये मांगे जाते हैं और पैसा न देने वालों को बाद में अपात्र घोषित कर दिया जाता है। प्रभावित आवेदकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दस्तावेजों और आपत्तियों की दोबारा जांच, लकी ड्रा और आगे की आवंटन प्रक्रिया पर तत्काल रोक तथा आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदकों ने मामले में डीएम और जीडीए उपाध्यक्ष से हस्तक्षेप करने की भी मांग की।

लॉटरी ड्रा के दौरान अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, एडीएम वित्त एवं राजस्व तथा डूडा के अधिकारी उपस्थित रहे। जीडीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार योजना के तहत 1,493 ईडब्ल्यूएस आवासीय फ्लैटों का निर्माण किया गया है। 6,277 आवेदनों की जांच के बाद 1,807 पात्र आवेदक चिह्नित किए गए, जिनमें से लाटरी के माध्यम से 1,344 को आवास आवंटित किए गए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की निर्धारित श्रेणी में 149 आवासों के सापेक्ष अपेक्षित पात्र आवेदक न मिलने पर उनका आवंटन नहीं किया जा सका। अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि आवंटन की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई।