गाजियाबाद जिले में बीते साल सड़क हादसों में कुल 400 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 175 यानी करीब 44 प्रतिशत मौतें हिट एंड रन की घटनाओं में दर्ज की गईं। सड़क हादसों पर तैयार रिपोर्ट के मुताबिक, बीते साल जनपद में 1097 सड़क हादसे हुए, जिनमें 400 लोगों की जान गई और 849 लोग घायल हुए। रिपोर्ट में तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी को हादसों की प्रमुख वजह बताया गया है।

हिट एंड रन के मामलों में सबसे बड़ी चुनौती टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान करना है। अंधेरे में हुए हादसों के बाद प्रत्यक्षदर्शियों की कमी और वाहनों की पहचान न हो पाने से पुलिस के सामने भी मुश्किल खड़ी होती है। हालांकि प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे ऐसे मामलों की जांच में मदद कर रहे हैं।

रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, शाम छह से रात नौ बजे के बीच 61, रात नौ से 12 बजे के बीच 75, रात 12 से तीन बजे के बीच 64 और तड़के तीन से छह बजे के बीच 22 लोगों की मौत हुई। शाम ढलने के बाद देर रात तक सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन, भारी वाहनों की आवाजाही और कम दृश्यता से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। कई मार्गों पर पर्याप्त रोशनी न होना और यातायात निगरानी कमजोर पड़ना भी स्थिति को गंभीर बनाता है।

हादसों के कारणों में हिट एंड रन के बाद पीछे से टक्कर में 85, आमने-सामने टक्कर में 36 और खड़े वाहन में टक्कर से 12 लोगों की मौत दर्ज की गई। सबसे अधिक मौतें अन्य मार्गों पर हुईं, जहां 710 हादसों में 225 लोगों की जान गई। स्टेट हाइवे पर 166 हादसों में 71, एनएच पर 159 हादसों में 66 और एक्सप्रेसवे पर 62 हादसों में 38 लोगों की मौत हुई। एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह के मुताबिक, सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सभी स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं और जनपद में शून्य मृत्यु गलियारा (जेडएफडी) के तहत हादसों की रोकथाम पर काम हो रहा है।