गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह की तारीख बदल दी गई है। अब यह आयोजन 30 नवंबर के बजाय 29 नवंबर से शुरू होकर एक दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 नवंबर को कार्यक्रम का शुभारंभ कर सकते हैं। इस दौरान वह गीडा की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ उद्यमियों और कर्मियों को भूमि एवं फ्लैट आवंटन के प्रमाण पत्र भी वितरित कर सकते हैं। समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

आयोजन के दौरान औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का भी उद्घाटन कर सकते हैं, जहां स्थानीय उत्पादों के साथ उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार और नए बाजार तलाशने का अवसर मिलेगा। इस बार एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के साथ एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के उत्पाद भी प्रदर्शनी में शामिल किए जाएंगे।

गीडा और एमएसएमई विभाग की ओर से गोरखपुर ट्रेड शो-2026 आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 29 नवंबर को स्थानीय उद्यमियों और सरकारी व निजी क्षेत्र के खरीदारों के बीच बायर-सेलर मीट होगी। तकनीकी सत्रों में विभागीय योजनाओं, निर्यात, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) की प्रक्रिया और रैम्प से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। तीन दिवसीय आयोजन में औद्योगिक प्रदर्शनी, उद्यमी संवाद और तकनीकी सत्र प्रमुख आकर्षण होंगे।

गीडा की औद्योगिक तस्वीर पिछले दस वर्षों में तेजी से बदली है और इस अवधि में यहां करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। केयान इंडस्ट्रीज ने 1200 करोड़, पेप्सिको की फ्रेंचाइजी वरुण बेवरेजेज ने 1100 करोड़, कोका कोला की फ्रेंचाइजी अमृत बाटलर्स ने करीब 800 करोड़ और अंकुर उद्योग ने 500 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा इंडिया आटोव्हील्स ने 400 करोड़, एसडी इंटरनेशनल ने 300 करोड़, सीपी मिल्क एंड फूड्स (ज्ञान डेयरी) ने 118 करोड़, तत्वा प्लास्टिक्स ने 105 करोड़ और कपिला कृषि उद्योग ने 100 करोड़ रुपये की पूंजी लगाई है। सीईओ विशाल कुमार के अनुसार, समारोह में औद्योगिक प्रदर्शनी के साथ तकनीकी सत्र और उद्यमी संवाद भी होंगे।