गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (इफ्फी) की शुरुआत रंगारंग तरीके से हुई। पणजी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में शुक्रवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मुख्य अतिथि अभिनेता एवं लोकसभा सांसद रवि किशन की मौजूदगी में समारोह का उद्घाटन किया। उद्घाटन शाम का मुख्य आकर्षण तीन बार के ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार और पर्यावरणविद् रिकी केज की ‘अ वर्ल्ड ऑफ सिनेमा थ्रू म्यूजिक’ प्रस्तुति रही, जिसमें उन्होंने सिंफोनिक ऑर्केस्ट्रा के साथ विभिन्न संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपराओं को संगीत के जरिए जीवंत किया।

समारोह की थीम ‘सीमाओं से परे की कहानियां’ (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) है। 20 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 86 देशों की 150 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी। आधिकारिक समारोह से पहले पोलैंड के फिल्मकार पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म ‘फादरलैंड’ उद्घाटन फिल्म के रूप में प्रदर्शित की गई, जबकि सिंगापुर के निर्माता एंथनी चेन की ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ 28 नवंबर को समापन फिल्म होगी।

उद्घाटन शाम में बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन, श्रद्धा कपूर और अभिनेत्री साई पल्लवी की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि इफ्फी केवल भारत की फिल्मों का समारोह नहीं बल्कि वैश्विक कला और संस्कृतियों के मिलन का मंच है और गोवा को पिछले 22 सालों से इसका आयोजन करने पर गर्व है। सूचना प्रसारण सचिव चंचल कुमार ने कहा कि अच्छे विचारों का प्रवाह जारी रहे, इसके लिए सभी रास्ते खुले रहने चाहिए और इफ्फी इसका प्रतीक है।

समारोह में भारतीय पैनोरमा खंड में 18 भाषाओं की 76 फिल्में दिखाई जाएंगी। ब्रिक्स सिनेमा पर विशेष फोकस के साथ उसकी 21 फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं, जबकि साझेदार देश रूस और कंट्री ऑफ ऑनर स्पेन की फिल्में भी दर्शकों को देखने को मिलेंगी। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता जूरी की अध्यक्षता फिल्म निर्माता आनंद एल राय कर रहे हैं, जिसमें अर्जेंटीना की सोल बेरुएजो पिचोन-रिविएरे, रोमानिया के बोगदानमुरेसानु और कोलंबिया की मारिया एलेजांद्रारोजास जैसे फिल्मकार शामिल हैं। भारतीय फीचर फिल्म जूरी की अध्यक्षता फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर कर रहे हैं।

इस बार दो नए खंड बनाए गए हैं — एनिमेशन, जो एनिमेटेड सिनेमा में रचनात्मकता और नवाचार को प्रदर्शित करेगा, और फिल्म्स अबाउट फिल्म्स, जो पांच फिल्मों के माध्यम से फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को सामने लाएगा। सूचना प्रसारण मंत्रालय की पहल ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के जरिए महत्वाकांक्षी युवा फिल्म निर्माताओं को मास्टरक्लास, कार्यशालाओं, संवादात्मक सत्रों और 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती का अवसर मिलेगा। इफ्फी के निदेशक और फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारीकर ने सिनेमा की बदलाव लाने वाली ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि यह समारोह दुनिया को नए नजरिए से देखने का मौका है और सभी को यहां कम से कम एक फिल्म जरूर देखनी चाहिए।