गोवा में विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी अब कहीं जाने वाली नहीं है, बल्कि गोवा में ही रहकर प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी और सरकार से सवाल पूछेगी। उन्होंने कहा कि वह गोवा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र भी जारी करेंगे, हालांकि उन्होंने चुनाव लड़ने की बात से इनकार किया।

दीपके ने कहा कि वह चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि युवाओं का साथ देने आए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता धारा 39ए को खत्म कराना है। स्थानीय लोगों के विरोध के कारण धारा 39ए बीजेपी के लिए दुखती रग बन गई है और सीजेपी ने सीधे इसी मुद्दे को आगे किया है। सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि वे गोवा में लंबे समय के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा हैं।

गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम 1974 में 2024 में संशोधन करके धारा 39ए जोड़ी गई थी। इसके तहत बोर्ड की मंजूरी के बाद किसी भी भूखंड का जोन बदला जा सकता है। इसके लिए जनता से आपत्तियां मांगी जाएंगी और आपत्ति करने के लिए उन्हें केवल 30 दिन का समय दिया जाएगा। स्थानीय लोग इस धारा को हटाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा और उद्योगपतियों व रसूखदारों का पक्ष मजबूत होगा।

रांका ने कहा कि देश के एक आंदोलन ने सबको इकट्ठा कर दिया। लोग दिवाली के मौके पर अपने परिवारों के साथ थे, लेकिन एक व्यक्ति के इस्तीफे की मांग को लेकर एक प्लैटफॉर्म पर आकर आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि सीजेपी अब गोवा में लंबे समय के लिए आई है और यहां लंबा खेल चलेगा। उन्होंने कहा कि कॉकरोच कभी नहीं मरेंगे। रांका ने बताया कि सीजेपी के सदस्य छोटे ब्रेक पर थे और इसीलिए वे कुछ समय के लिए शांत थे।