सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान सिराज पाड़ा की सजा निलंबित कर दी और उसे मेडिकल आधार पर जमानत दे दी। गुजरात सरकार ने उसकी मेडिकल स्थिति पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इरफान को इससे पहले 2025 में समय से पहले रिहाई की मांग पर राज्य सरकार से विचार कराने के लिए अंतरिम पैरोल मिली थी। वह 17 साल से जेल में है।
इस मामले में कुल 31 लोगों को दोषी ठहराया गया था, जिनमें से अब तक 11 को जमानत मिल चुकी है। 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगने से 58 लोगों की मौत हो गई थी। ट्रेन में अयोध्या से लौट रहे कारसेवक सवार थे। इस घटना के बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे।
मार्च 2011 में ट्रायल कोर्ट ने 31 लोगों को दोषी ठहराया था, जिनमें 11 को फांसी और 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। 63 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था। 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया और बाकी 20 की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी। दोषियों की अपीलें 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।
2022 से अब तक 10 दोषियों को जमानत मिल चुकी है। मई 2022 में अब्दुल रहमान धंतिया को छह महीने की अंतरिम जमानत दी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाया गया। दिसंबर 2022 में फारूक को जमानत दी गई, जबकि अप्रैल 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने 8 अन्य दोषियों को जमानत दी थी। गोधरा कांड के बाद भड़के दंगों में 1044 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 790 मुसलमान और 254 हिंदू थे।
