सोने की कीमतों में नवंबर में तेज गिरावट दर्ज हुई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 2 नवंबर से 26 नवंबर के बीच यानी करीब 25 दिनों में सोना लगभग 17,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। 30 अक्टूबर को सोना 1,38,485 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि 26 नवंबर को यह 1,21,478 रुपये तक गिर गया। इस अवधि में कीमतों में 12 फीसदी से अधिक की कमी आई है। 25 नवंबर को भाव 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे चला गया था।
29 जनवरी को सोने ने 1,76,306 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड भाव बनाया था। 26 नवंबर के भाव के हिसाब से सोना रिकॉर्ड स्तर से करीब 55,000 रुपये यानी 31 फीसदी नीचे आ चुका है। गुरुवार को कीमतों में तेजी देखी गई। शाम 7 बजे एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 900 रुपये की बढ़त के साथ 1.22 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि बुधवार को यह 1,21,137 रुपये पर बंद हुआ था।
आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स की रिसर्च एनालिस्ट वेदिका नार्वेकर के मुताबिक, सोने की कीमतें अभी पूरी तरह निचले स्तर पर नहीं पहुंची हैं। अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका, डॉलर की मजबूती और ऊंची रियल यील्ड सोने पर दबाव डाल सकती हैं। उनका मानना है कि अगर जनवरी में अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावना और मजबूत होती है, तो सोना 3,300 डॉलर प्रति औंस तक गिर सकता है, जो भारतीय बाजार में करीब 1.14 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के बराबर हो सकता है।
जानकारों के अनुसार, निवेशकों को अपना बड़ा हिस्सा सोने में नहीं लगाना चाहिए। रिद्धिसिद्धि बुलियंस के मैनेजिंग डायरेक्टर और इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पृथ्वीराज कोठारी कुल निवेश पोर्टफोलियो का 10-15% सोने में रखने की सलाह देते हैं। उनके मुताबिक एकमुश्त बड़ी रकम लगाने के बजाय एसआईपी या अलग-अलग किस्तों में निवेश करना बेहतर हो सकता है, जिससे उतार-चढ़ाव के बीच औसत भाव संतुलित रहता है।
