गोंडा के कोटिया मदारा गांव में शुक्रवार देर रात एक नशेड़ी प्रवृत्ति के पति ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की टंगारी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर की रात करीब 11 बजे मनोज कुमार शुक्ला ने सो रही अपनी पत्नी सुमन शुक्ला (35) के सिर पर टंगारी से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि मां को बचाने के लिए उठे 12 वर्षीय बेटे किशन पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतका की मां सीतावती तिवारी निवासी कैथौली पूरेबदल की तहरीर पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के भाई दीपनारायण तिवारी का आरोप है कि करीब दो साल पहले भी बहन के साथ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत को लेकर पुलिस को कई प्रार्थना पत्र दिए गए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनके मुताबिक, वर्ष 2023 में कौड़िया थाने में दोनों के बीच समझौता कराया गया था, जिसमें पति की ओर से प्रतिमाह 4500 रुपये देने की बात लिखी गई थी, लेकिन आरोप है कि यह रकम भी अब तक नहीं दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी नितेश सिंह और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचायतनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोंडा मर्चरी हाउस भेज दिया। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सुमन अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे किशन और चार वर्षीय बेटी शगुन को छोड़ गई हैं। मां की हत्या से दोनों बच्चों के जीवन में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश व्याप्त है।
