गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र के अहिरौली जोकहा गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश जारी है।
गांव निवासी रामकेवल शर्मा की बेटी मनीषा की शादी 26 नवंबर की रात थी। बरात डीजे और रोड लाइट के साथ नाचते-गाते द्वार पूजा के लिए लड़की पक्ष के घर आ रही थी। इसी दौरान गांव का मोहम्मद हामिद भी बरात में शामिल होकर नाच रहा था। रात करीब सवा 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गांव के शुभम मिश्र और रमजान उसे बाइक से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुक्कनपुर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक अपने भाई-बहनों में छोटा था। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अलावा एसओजी टीम भी लगाई गई है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
