महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बोंडरानी जंगल में 23 वर्षीय एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें वर्षा के एक परिचित की पत्नी भी शामिल है। उस महिला पर हत्या की साजिश रचने और 13 लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप है।
पुणे एयरपोर्ट पर काम करने वाली वर्षा तुरकर दिवाली मनाने के लिए अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित अपने मायके आई थी। पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को वह घर से करीब 40 किलोमीटर दूर गोंदिया जिले के बोंडरानी इलाके में अपने पुराने परिचित नितेश अग्रवाल से मिलने गई थी। नितेश पेशे से कारोबारी हैं और दोनों करीब दस साल से एक-दूसरे को जानते थे। वर्षा और नितेश महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा के पास वनगंगा नदी के किनारे स्थित एक सुनसान जंगल में घूमने गए थे। बोंडरानी जंगल में एक शिव मंदिर के पास तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया और चाकू से गोदकर वर्षा की हत्या कर दी। इस पूरी घटना का नितेश अकेला चश्मदीद गवाह है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या कथित तौर पर नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने करवाई थी। बताया जा रहा है कि मोना को अपने पति और वर्षा के संबंधों को लेकर संदेह था और उसे डर था कि कहीं तलाक की नौबत न आ जाए। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, मोना ने पहले अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर से संपर्क किया। कुणाल ने शाहरुख पठान नाम के व्यक्ति से बात की और हत्या के बदले 13 लाख रुपये दिए। शाहरुख ने यह काम गोंदिया के संजय नगर मुरी इलाके के तीन स्थानीय युवकों इमरान करीम शेख, नायलन शेख और कृष राउत को सौंपा।
गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने बताया कि आरोपियों ने नितेश की कार की लाइव जीपीएस लोकेशन पाने के लिए कार से जुड़े ऐप की आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया। वह गाड़ी मोना के नाम पर रजिस्टर है। इससे हमलावर बाइक से जंगल तक पहुंचे और मंदिर के पास गाड़ी रुकते ही वर्षा पर हमला कर दिया। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने बोंडरानी जंगल के अलावा तिरोदा, खैरलांजी, वारासिवनी और गोंदिया के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की गई। इसके बाद मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 नवंबर को हिस्ट्रीशीटर इमरान शेख को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने मोना द्वारा हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने मोना, कुणाल और इमरान को गिरफ्तार कर लिया। शाहरुख पठान को भी गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी नायलन और कृष फिलहाल फरार हैं।
