गोपालगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गुरुवार रात छिनतई की कोशिश का विरोध करने पर बदमाशों ने दो युवकों और एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुधसी गांव निवासी रमेश सिंह के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रवि गांव में इंटरनेट कैफे चलाता था और गोपालगंज में अपनी बहन के घर आया हुआ था। गुरुवार रात वह स्टेशन से ट्रेन पकड़कर अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान बदमाशों ने छिनतई की कोशिश की और विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना में घायल दूसरे युवक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के विशुनपुरा बाजार निवासी सुरेश साह के 19 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने दोस्त के साथ गोपालगंज से घर लौट रहा था और इसी दौरान बदमाशों के हमले का शिकार हो गया। हमले में एक महिला भी घायल हुई है।
घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों के बीच दहशत का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है और छिनतई व चाकूबाजी के कारणों की जांच के साथ बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। रेल पुलिस और गोपालगंज पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई में जुटी हुई है।
