गोरखपुर के ट्रांसपोर्टनगर में बुधवार रात रुपयों के लेनदेन को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के बैग की तलाशी ली तो उनसे 43 लाख 95 हजार 600 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार दोनों नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद आयकर विभाग को सूचना दी गई है।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता में बताया कि रात करीब 10 बजे ट्रांसपोर्टनगर चौकी प्रभारी सुधीर कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो लोगों के बीच विवाद की सूचना मिली। पूछताछ में पता चला कि बैग रखने को लेकर विवाद हो रहा था। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों के बैग की तलाशी ली।
दोनों की पहचान तारामंडल के विवेकपुरम निवासी विकास पांडेय और हरपुर बुदहट के टिकरिया निवासी दुर्विजय यादव के रूप में हुई। विकास के बैग से 26 लाख 14 हजार 700 रुपये और दुर्विजय के बैग से 17 लाख 80 हजार 900 रुपये मिले। पुलिस के अनुसार दोनों रकम के स्रोत पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
बरामद नकदी की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है। विभाग यह पता लगाएगा कि रुपये कहां से आए और कहां ले जाए जा रहे थे। नकदी के लेनदेन में हवाला के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए इस पहलू पर भी जांच की जा रही है। जांच में नकदी अवैध पाई जाने पर आयकर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। सड़क पर विवाद करने के मामले में टीपीनगर चौकी प्रभारी ने दोनों के विरुद्ध मारपीट और आवागमन बाधित करने का मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया।
