गोरखपुर पुलिस ने बैंकाक से सोना तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य सीमा शुल्क की जांच से बचने के लिए सोने के गहनों पर चांदी की परत चढ़वाकर उन्हें भारत लाते थे। गहने पहनकर आने के कारण उन पर सामान्य तौर पर संदेह नहीं होता था। कड़े और चेन जैसे सोने के गहनों पर चांदी की कोटिंग कराकर उन्हें चांदी का बताने की कोशिश की जाती थी।
जांच में सामने आया है कि बांसगांव क्षेत्र के मऊखुर्द निवासी दीपक तिवारी और उसका भाई मुकेश तिवारी बैंकाक में रहकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। इनके लिए गोरखपुर में कई लोग काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को आशुतोष शुक्ला बैंकाक से कोलकाता होते हुए गोरखपुर पहुंचा था और उसके साथ सोने के गहने थे। यहां घंटाघर में उनकी बिक्री की तैयारी थी। इसी मामले में छात्रसंघ चौराहे पर लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आशुतोष शुक्ला और सुनील मिश्रा को गिरफ्तार कर करीब 960 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद बरामद किए थे। बरामद सोने की कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सोना 20 ग्राम तक लाने की छूट है, जबकि इससे अधिक लाने पर 15 प्रतिशत कर देना पड़ता है। चांदी की सीमा अधिक होने के कारण वे सोने को चांदी बताकर लाते थे। इन दावों और तस्करी के तरीके की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं। सीमा शुल्क विभाग की राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) भी तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
घंटाघर के एक सर्राफ की भूमिका भी जांच के दायरे में है। कैंट थाना पुलिस की टीम कृष्णकांत और चंदन तिवारी की तलाश में छापेमारी कर रही है। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि नामजद आरोपितों की तलाश चल रही है और उनके पकड़े जाने पर नेटवर्क का पर्दाफाश होगा। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बैंकाक से सोना लाने, गोरखपुर में उसे खपाने और भुगतान करने की पूरी व्यवस्था कैसे संचालित होती थी।
