गोरखपुर में नौसढ़ से लखनऊ रोड तक बंधे का स्वरूप बदलने की तैयारी है। नगर निगम यहां लोगों के टहलने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वाकिंग ट्रैक विकसित करेगा। नगर आयुक्त ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुसार सुधार कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी ओपी यादव से बंधे की पूरी लंबाई में सफाई कराने को कहा। विशेष रूप से ऊपरी हिस्से को साफ रखने पर जोर दिया गया, ताकि सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बंधे के दूसरी ओर रेलिंग लगाई जाएगी। निरीक्षण में कई स्थानों पर लोहे की ग्रिल क्षतिग्रस्त मिली, जिनकी मरम्मत के निर्देश मुख्य अभियंता को दिए गए।
बंधे पर चढ़ने और उतरने के लिए बनी सीढ़ियों की स्थिति भी ठीक नहीं मिली। अधिकारियों को सीढ़ियों को दुरुस्त कराने के साथ उनकी रंगाई-पुताई कराने को कहा गया, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके। नौसढ़ से नगर निगम सीमा तक सड़क की पटरी पर इंटरलाकिंग कराई जाएगी, जिससे पैदल चलने वालों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह काम राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के तहत कराया जाएगा।
उद्यान विभाग को बंधे के किनारे उगे खरपतवार हटाने और घास की कटाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। यहां कतारबद्ध झाड़ियां लगाकर हरित पट्टी विकसित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव और प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, जोनल अधिकारी ओपी यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
