गोरखपुर में विधानसभा चुनाव के लिए सपा के साथ गठबंधन की तैयारी कर रही कांग्रेस को झटका लगा है। जिले की नौ विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने चार सीटों की मांग की थी, लेकिन सपा अभी दो से ज्यादा सीटें देने को तैयार नहीं है। कांग्रेस ने खजनी सुरक्षित सीट नहीं मांगी थी, लेकिन सपा उसे यही सीट दे रही है, जिसे कांग्रेस लड़ना नहीं चाहती। कांग्रेस कम से कम तीन सीटें चाहती है, जिनमें कैंपियरगंज या सहजनवा में से एक और बांसगांव सीट शामिल है। बांसगांव से पूर्व मंत्री सदल प्रसाद दावेदारी कर रहे हैं और कांग्रेस हर हाल में यह सीट लड़ना चाहती है।
वर्ष 2017 में कांग्रेस और सपा का गठबंधन हुआ था, तब कांग्रेस को तीन सीटें मिली थीं, जिनमें गोरखपुर शहर, कैंपियरगंज और खजनी शामिल थीं। सपा इस बार कांग्रेस को शहर और खजनी सीट ही देने को तैयार है। 2017 में खजनी में दोनों पार्टियों के प्रत्याशी मैदान में थे। कांग्रेस ने पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन सपा संगठन ने विद्रोह कर रूपावती बेलदार को भी उतार दिया था। कमांडो पांचवें नंबर पर रहे और उन्हें सिर्फ 4653 वोट मिले थे।
2017 में कांग्रेस ने बांसगांव सुरक्षित, शहर, खजनी और कैंपियरगंज सीट मांगी थी। शहर और कैंपियरगंज में पार्टी दूसरे नंबर पर थी, लेकिन खजनी में पार्टी पांचवें नंबर पर पहुंच गई थी और उसकी जमानत भी जब्त हो गई थी। शहर सीट पर भाजपा के डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल को 122221 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस-सपा गठबंधन के राणा राहुल सिंह को 61491 वोट मिले थे। कैंपियरगंज में भाजपा के फतेह बहादुर सिंह को 91636 और गठबंधन की चिंता यादव को 58782 वोट मिले थे। खजनी में भाजपा के संत प्रसाद को 71492 वोट मिले थे, यहां बसपा दूसरे नंबर पर थी।
वर्ष 2022 में कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ी थी और जिले की सभी नौ सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा था। शहर से चेतना पांडेय, ग्रामीण से देवेंद्र निषाद, पिपराइच से सुमन चौधरी, कैंपियरगंज से सुरेंद्र निषाद, चिल्लूपार से सोनिया शुक्ल, सहजनवा से मनोज यादव, खजनी से रजनी, चौरी चौरा से जितेंद्र पांडेय और बांसगांव से पूनम आजाद मैदान में उतरी थीं। सभी नौ सीटों को मिलाकर पार्टी को 20 हजार वोट भी नहीं मिल सके थे।
