गोरखपुर के धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में दो बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की स्थापना का रास्ता आगे बढ़ेगा। गीडा के स्थापना दिवस पर 29 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अदाणी ग्रुप की 1400 करोड़ रुपये और श्रेयस ग्रुप की करीब 2668 करोड़ रुपये की डिस्टिलरी परियोजना का शिलान्यास करेंगे। दोनों परियोजनाओं से चार हजार से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
गीडा प्रशासन ने अदाणी सीमेंट परियोजना के शिलान्यास की तैयारी को लेकर ग्रुप को पत्र भेजा है। कार्यक्रम में अदाणी ग्रुप के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। श्रेयस ग्रुप की ओर से भी डिस्टिलरी यूनिट की स्थापना की तैयारी पूरी की जा रही है। ग्रुप के चेयरमैन विनय कुमार सिंह ने बताया कि 29 नवंबर को परियोजना के प्रथम चरण का शिलान्यास होगा। इस परियोजना में कुल आठ हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
धुरियापार में स्थापित होने वाली श्रेयस ग्रुप की इकाई की क्षमता 750 किलोलीटर प्रतिदिन होगी। यह ग्रेन बेस्ड आसवनी होगी, जिसमें केवल अनाज से एथेनाल का उत्पादन किया जाएगा। इसके लिए शासन से अनुमति भी मिल चुकी है। गीडा के एसीईओ राम प्रकाश ने बताया कि श्रेयस ग्रुप की ओर से 2668 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) उपलब्ध कराई गई है। परियोजना के पहले चरण में आठ हजार करोड़ रुपये का निवेश होना है।
इसी तरह अदाणी ग्रुप ने धुरियापार में सीमेंट परियोजना के लिए 1400 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। दोनों औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा के स्थापना दिवस पर मुख्य कार्यक्रम स्थल से करेंगे।
