गौतमबुद्ध नगर जिले को जनगणना के दूसरे चरण को शत प्रतिशत करने के लिए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने 12 जोनों में बांटा है। इन जोनों के जारी आंकड़ों के अनुसार स्व-गणना में ग्रेटर नोएडा ने 1872 प्रविष्टियों के साथ पहला स्थान हासिल किया है, जबकि नोएडा 1383 स्व-गणनाओं के साथ दूसरे स्थान पर रहा है। इस तरह ग्रेटर नोएडा ने नोएडा से 489 अधिक आंकड़े दर्ज किए हैं।

जिले के 12 जोन हैं- दादरी, गौतमबुद्धनगर, जेवर, दादरी (7129), नोएडा (7130), बिलासपुर, दनकौर, ग्रेटर नोएडा, रबूपुरा, जहांगीरपुर, जेवर (7136) और यीडा सिटी। स्व-गणना की प्रक्रिया का उद्देश्य लोगों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर देना है, जिससे नागरिकों की भागीदारी बढ़े और गणना की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हो। शनिवार और रविवार को लगने वाले कैंपों में लोग स्व-गणना में सहायता के लिए पहुंच रहे हैं।

इस बीच नोएडा शहर में स्व-गणना की गति बढ़ाने के लिए नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रीति जायसवाल ने सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण मुख्यालय में सभी सुपरवाइजर के साथ बैठक की। बैठक में स्व-गणना पोर्टल में आ रही दिक्कतों और अन्य पहलुओं पर सुपरवाइजर की समस्याओं का समाधान किया गया। इस दौरान प्रभारी अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने 16 नवंबर से शुरू हुई स्व-गणना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।