गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। ATS के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी के पास से एक राइफल और 20 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले में ATS का बड़ा ऑपरेशन चल रहा है और फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इससे पहले 3 जुलाई को गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 संदिग्धों को गुजरात और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। ये सभी अलग-अलग जिलों से पकड़े गए थे, जिनमें दो की उम्र 18 और 19 साल बताई गई। जांच के अनुसार ये सभी गुजरात के रहने वाले थे और एक पाकिस्तानी हैंडलर के इशारों पर गुजरात में JeM का सक्रिय नेटवर्क बनाने के लिए काम कर रहे थे। इसके लिए ATS ने 5 अलग-अलग टीमें बनाकर बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी, पाटण और मध्य प्रदेश के देवास से ये गिरफ्तारियां की थीं।
15 जुलाई को गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 5 संदिग्ध आतंकियों को पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खाडियाल गांव से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन कार्डिया के रूप में हुई थी।
जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान का आतंकवादी संगठन है, जिसे आतंकी मसूद अजहर ने साल 2000 में बनाया था। इस पर भारत समेत कई देशों में आतंकी हमलों को अंजाम देने के आरोप हैं। संगठन का मुख्यालय पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में बताया जाता है और यह पाकिस्तान के कई इलाकों में ट्रेनिंग कैंप और आतंकी नेटवर्क संचालित करता है। मसूद अजहर को साल 1994 में जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद बंधकों की रिहाई के बदले भारत सरकार ने उसे रिहा कर दिया था।
