गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार लोडिंग ट्रॉला अनियंत्रित होकर तीन कारों से टकरा गया। एवीएल-36 सोसाइटी के सामने हुए इस हादसे में एक कार ट्रॉले के साथ घसीटते हुए सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। टक्कर की चपेट में आई तीन गाड़ियों में दो कमर्शियल टैक्सी और एक निजी कार शामिल थी, जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे में कई लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गड्ढे में फंसी कार में सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों और ट्रॉले को हटाने के लिए भारी क्रेन मंगवाई गई। वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है।