गुरुग्राम नगर निगम ने शहर की सड़कों और गलियों में रात के समय अंधेरे की समस्या दूर करने के लिए स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज कर दी है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का निरीक्षण करने और बंद व खराब लाइटों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था केवल नागरिक सुविधा नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और सुगम आवागमन से भी जुड़ी है, इसलिए अधिकारी कार्यालयों में बैठकर रिपोर्ट लेने के बजाय स्वयं फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें।

निरीक्षण के दौरान ऐसे स्थानों की पहचान की जाए, जहां लाइटें लंबे समय से बंद हैं, खराब हो चुकी हैं या पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। इन सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए। अधिकारियों को स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों को लंबित न रखने और जिन क्षेत्रों में नई लाइट लगाने की जरूरत है, वहां आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने अधीक्षक अभियंता सचिन यादव को अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरीक्षण व शिकायतों के आधार पर कमियां मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।