गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव सीही में नया बस टर्मिनल बनाया जाएगा। इसका ले-आउट प्लान फाइनल हो चुका है और अगले साल जनवरी में शिलान्यास किए जाने की संभावना है। टर्मिनल के लिए 15 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। यह स्थान गुरुग्राम और मानेसर के बीच तथा दिल्ली-जयपुर हाईवे के भी नजदीक है।

शहर के बीचोंबीच स्थित मौजूदा बस अड्डे से प्रतिदिन सैकड़ों बसों की आवाजाही होती है, जिससे आंतरिक सड़कों पर यातायात का दबाव और प्रदूषण बढ़ता है। शहर से बाहर जाने और दूसरे राज्यों से आने वाली 400 से अधिक बसों के कारण प्रमुख सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। नया टर्मिनल हाईवे के पास होने से बाहर जाने वाली बसों को आंतरिक सड़कों पर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

टर्मिनल को अंतरराज्यीय बस अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। परिसर में बसों के लिए पार्किंग, इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग और चार्जिंग सुविधा तथा बगल में कार्यशाला बनाई जाएगी। परियोजना की टोपोग्राफी रिपोर्ट कंसल्टेंट से तैयार कराई जा चुकी है।

टर्मिनल के नजदीक स्थायी हेलीपैड बनाने की भी योजना है। अभी शहर में अलग स्थायी हेलीपैड न होने के कारण वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हेलीकॉप्टर ताऊ देवीलाल स्टेडियम में उतारे जाते हैं, जिससे कई बार स्टेडियम में खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज के अनुसार साइबर सिटी को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं वाला बस टर्मिनल बनाने पर जोर दिया जाएगा, इसी कारण प्लानिंग में समय लग रहा है।