गुरुग्राम में मॉनसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने नई योजना तैयार की है। शहर में नालियों और जल निकासी परियोजनाओं पर पिछले तीन वर्षों में 300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकला है। अब पार्कों और खुली जगहों को जल प्रबंधन के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी और हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। योजना के तहत अगले मॉनसून से पहले शहर के पार्कों और खुली जगहों की करीब 247 एकड़ जमीन पर जल निकाय और रिटेंशन तालाब बनाए जाएंगे। इनका उद्देश्य बारिश के पानी को एक जगह इकट्ठा करना और उसे रिहायशी इलाकों तथा सड़कों पर फैलने से रोकना है।

योजना के तहत पार्कों के भीतर रेनवाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर भी तैयार किए जाएंगे, ताकि बारिश का पानी जमीन के भीतर पहुंच सके और भूजल स्तर बेहतर हो सके। इसके लिए पार्कों की लैंडस्केपिंग के साथ जल प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

हरियाणा सरकार में शहरी विकास मामलों के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस दिशा में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों को इस तरह विकसित किया जाना चाहिए कि वे हरियाली बनाए रखने के साथ मानसून में अतिरिक्त पानी को संभालने में भी मददगार साबित हों। गौरतलब है कि इसी मॉनसून में नगर निगम ने शहर के 155 जलभराव वाले स्थानों की 24 घंटे निगरानी की थी, लेकिन एक दिन में करीब 97 मिमी बारिश होने से शहर के बड़े हिस्से लगातार दूसरे दिन पानी में डूबे रहे और लोगों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह तक देनी पड़ी थी।