गुरुग्राम पुलिस ने मतांतरण के एक मामले में मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। सेक्टर-56 थाना पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान प्रवीण उर्फ डॉ. पीटर जॉन मलकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मणिपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी के साथ मिलकर गुरुग्राम, दिल्ली और अन्य जगहों पर ‘पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल’ नाम का एनजीओ चलाता था, जो दस साल से अधिक समय से संचालित बताया जा रहा है। आरोपी की पत्नी अमेरिकी नागरिक बताई जा रही है और वह फिलहाल फरार है। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार एनजीओ से जुड़े वॉलंटियर इस दंपती के कहने पर अलग-अलग जगहों की झुग्गियों में पाठशाला चलाते थे। आरोप है कि वहां बच्चों का ब्रेनवॉश किया जाता था और उन्हें खाने-पीने, पढ़ने और कपड़े दिए जाते थे। पाठशाला में यीशु मसीह के बारे में पढ़ाया जाता था और प्रार्थना कराई जाती थी। आरोप है कि बच्चों को ईसाई धर्म में मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता था।
घाटा गांव की झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने बताया कि करीब एक साल पहले इस एनजीओ ने उनकी झुग्गी में स्वास्थ्य शिविर लगाया था, जिसके बाद हर शनिवार शिविर लगने लगा। शिविर में गई एक महिला के अनुसार उसे पहले यीशु मसीह की हाथ जोड़कर प्रार्थना कराई गई, इसके बाद उसे दवाई और फल दिए गए। पिछले सप्ताह घाटा गांव में छापेमारी कर चार महिलाओं को पकड़ा गया था, जिनसे पूछताछ में डॉ. पीटर और उसकी पत्नी के बारे में जानकारी मिली।
सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि यह एनजीओ एनसीआर में कब से संचालित हो रहा था, इसकी फंडिंग कहां से हो रही थी, अब तक कितने लोगों का मतांतरण कराया जा चुका है और इसमें कौन-कौन शामिल है। यह भी जांचा जाएगा कि इस आरोपी के ऊपर कोई और है या यही मास्टरमाइंड था।
