गुरुग्राम के सेक्टर-31 रेड लाइट के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार 46 वर्षीय संजय कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चूरू के हमीरवास गांव के रहने वाले थे और गुरुग्राम में सिलोखरा में रहते थे, जहां वह होटल चलाते थे। बताया जाता है कि हादसे के समय संजय कुमार स्कूटी से अपने घर जा रहे थे।

सेक्टर-31 रेड लाइट के पास एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सेक्टर 40 थाना पुलिस ने कहा कि आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही कार की पहचान कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।