हल्द्वानी में चल रहे राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले में पौड़ी जनपद के रिखणीखाल ब्लाक के ग्राम बहिला तल्ला की युवंती ढिंढियाल और उनके सुरभि स्वयं सहायता समूह ने चीड़ के लीसे (रेजिन) से बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत देवभूमि के कई प्रसिद्ध मंदिरों की सूक्ष्म आकृतियां बनाई हैं। युवंती के अनुसार, आकृतियां गर्मी में पिघलें नहीं और वर्षों तक सुरक्षित रहें, इसके लिए इनमें हार्डनर और पत्थर का बारीक चूरा मिलाया जाता है। मेले में ये कलाकृतियां 200 रुपये से 2000 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।
युवंती के स्टाल पर बिना किसी रासायनिक कोटिंग के विशेष तकनीक से तैयार लोहे का नान-स्टिक अप्पे पैन, जलेबी बनाने की कढ़ाई और लकड़ी के हैंडल वाला तड़का पैन भी लोगों को पसंद आ रहे हैं।
स्वरोजगार की मिसाल नैनीताल के नथुवाखान (रामगढ़) से आईं रमा बिष्ट पेश कर रही हैं। वर्ष 2002 में घर की रसोई से फल प्रसंस्करण शुरू करने वाली रमा एप्पल जोन रामगढ़ के जरिए 50 स्वयं सहायता समूहों और 200 से अधिक ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना चुकी हैं। पहाड़ी फलों के जैम, शुगर-फ्री स्क्वैश, कैमोमाइल-रोजमेरी हर्बल टी, एप्पल साइडर विनेगर और पारंपरिक मसालों समेत 100 से ज्यादा उत्पाद तैयार किए गए हैं।
मेले में पूर्वोत्तर के कारीगरों की कलाकारी भी सुर्खियों में है। मणिपुर से आई कारीगर यमरेला के शाल और मफलर लोगों को पसंद आ रहे हैं। शत-प्रतिशत हस्तनिर्मित इन परिधानों की रेंज 350 रुपये से 15,000 रुपये तक उपलब्ध है।
