उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी (यूएफटीए) हल्द्वानी परिसर में रखे अंग्रेजों के जमाने के ट्रामवे इंजन, हाथी हल और बैरल को संरक्षित किया जाएगा। इन ऐतिहासिक उपकरणों को धूप और बारिश से बचाने के लिए पांच लाख रुपये से अधिक की लागत से शेड बनाया जा रहा है।
यूएफटीए के उपनिदेशक सूरज तिवारी ने बताया कि ये उपकरण वन निगम की विरासत हैं। यूएफटीए निदेशक संजीव चतुर्वेदी के निर्देश पर इनके ऊपर शेड तैयार किया जा रहा है। कई वर्षों से ये उपकरण खुले परिसर में रखे थे, जिससे इनके स्वरूप में बदलाव की आशंका थी।
आजादी से पहले वनों पर ब्रिटिश हुकूमत का अधिकार था। तब जंगलों से लकड़ी की ढुलाई के लिए ट्रामवे का इस्तेमाल होता था। यूएफटीए में रखा ट्रामवे इंजन 1929 में इंग्लैंड की एक कंपनी से खरीदा गया था और चोरगलिया से लालकुआं तक लकड़ी ढुलाई में इस्तेमाल होता था। परिवहन के नए साधन आने के बाद इसका उपयोग बंद कर दिया गया और 1989 में इंजन को यूएफटीए परिसर में खड़ा कर दिया गया।
वर्ष 1960 के दौरान तराई और भाबर में बड़े स्तर पर पौधरोपण के लिए हाथियों के जरिए विशेष हल से जुताई की जाती थी, जिसे बाद में ट्रैक्टर ने बदल दिया। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कुमाऊं के वनों से बड़े पैमाने पर प्रकाष्ठ काटकर ब्रिटेन भेजा जाता था। तब चीड़ के पेड़ों से निकाले गए कच्चे लीसे को एकत्र करने, सुरक्षित रखने और ढुलान के लिए लोहे के बैरल का इस्तेमाल होता था। इन्हीं में से एक बैरल यहां रखा गया है।
