उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में शनिवार को सदर तहसील में आयोजित जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में सात अधिकारी अनुपस्थित मिले। डीएम अशोक कुमार ने बिना अनुमति शासन की प्राथमिकता वाले इस कार्यक्रम से नदारद रहने पर इन अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं।

कार्रवाई का सामना करने वालों में जिला उद्यान अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी (डूडा), अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), अधिशासी अभियंता नलकूप, भूमि संरक्षण अधिकारी (सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग) और दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शामिल हैं। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित ऐसे कार्यक्रमों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद डीएम ने कुरारा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पतारा में ग्राम चौपाल में हिस्सा लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में छुट्टा गोवंश, जर्जर विद्युत लाइन, पेयजल आपूर्ति, विद्यालय में संसाधनों की कमी और निर्माणाधीन पुलिस चौकी से जुड़े मुद्दे उठाए गए। ग्रामीणों ने बताया कि सैकड़ों वन गायों के झुंड फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिस पर डीएम ने ग्रामीणों, वन विभाग और पशु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान का भरोसा दिया।

पतारा स्थित गौशाला के औचक निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सख्त चेतावनी दी गई। सीवीओ को पांच दिन के भीतर गौशाला की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।