हमीरपुर में विद्युत विभाग की एक महिला कार्यकारी सहायक ने अपने ही विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा पर छेड़खानी, अभद्रता और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शुक्रवार को महिला ने अधिकारी के केबिन में उन्हें पांच थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

महिला ने बाद में अखिल भारतीय ब्राह्मण महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दीपा तिवारी के साथ सदर कोतवाली पहुंचकर आरोपी अधिकारी के खिलाफ शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक्सईएन के खिलाफ छेड़खानी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता उसके साथ लगातार अभद्र व्यवहार करते हैं। उसने आरोप लगाया कि एक बार कार्यालय में उसका हाथ गलत तरीके से पकड़कर खींचा गया। इसके अलावा चाय पीने के बहाने आवास पर बुलाने और फोन करके किराये के मकान का पता पूछने का भी आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि अधिकारी उसे गलत नजरों से देखते हैं और उनके व्यवहार से वह मानसिक तनाव में है। उसने खुद को विधवा और अकेली रहने वाली बताते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।