लखनऊ के प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था में किए गए बदलावों की जानकारी अब श्रद्धालुओं को भी दी जा रही है। मंदिर के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा संबंधी बैनर लगाया गया है, जिसके जरिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं में हुए बदलावों से अवगत कराया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदाकांत के अनुसार मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में किए गए बदलावों को सार्वजनिक करने की दिशा में यह कदम उठाया है।

बताया गया है कि मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी बदलाव एनएसजी की रिपोर्ट के आधार पर किए गए हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रवेश द्वार पर लगाए गए बैनर के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

गौरतलब है कि 16 नवंबर के अपने अंक में हनुमान सेतु मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, पुजारियों के सत्यापन और सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियों को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की आवश्यकता उठाई गई थी। इसके बाद मंदिर प्रशासन की ओर से प्रवेश द्वार पर बैनर लगाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने की पहल की गई है।

सदाकांत ने बताया कि इस कदम से श्रद्धालुओं को सुरक्षा इंतजामों की जानकारी तो मिलेगी ही, साथ ही मंदिर परिसर में सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।