हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के गांव पीरनगर सूदना में बुधवार देर रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा की जगह नई प्रतिमा स्थापित कराने की भी मांग उठाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने में जुटी रही।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में स्थापित प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है। इसकी जानकारी फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने, जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की।

थाना हापुड़ देहात पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया तथा मामले की जानकारी जुटाई। गांव में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।

थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।