हापुड़ पुलिस और एसटीएफ नोएडा की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम को 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कल्लू उर्फ मुर्गबाज को गिरफ्तार किया है। थाना देहात प्रभारी पारस मालिक के अनुसार आरोपित ततारपुर गोल चक्कर के निकट एक पेट्रोल पंप से पकड़ा गया। उसके पास से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

थाना देहात प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित कल्लू उर्फ मुर्गबाज पुत्र फूलन बरेली जिले के थाना भोगीपुरा क्षेत्र के कुआं टांडा की गौटिया का निवासी है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, लूट और चोरी समेत करीब छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह बाराबंकी जिले में ट्रांसफार्मर से तेल और बिजली के तार चोरी के मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार 17 जनवरी 2025 की रात करीब ढाई बजे बाराबंकी के बिहुरा स्थित रवि राइस मिल एवं बियर हाउस में सुरक्षा गार्ड दिनेश कनौजिया और राम मिलन ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चार बदमाश वहां पहुंचे और दोनों गार्डों को पकड़कर धमकाया। बदमाशों ने मिल का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया। एक बदमाश गार्डों की निगरानी में खड़ा रहा, जबकि उसके साथी ट्रांसफार्मर और बिजली के तार काटकर तेल निकालने लगे। वारदात के बाद बदमाश गार्ड का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित गार्ड की तहरीर पर बाराबंकी के थाना मोहम्मदपुर खाला में मुकदमा दर्ज किया गया था।

थाना देहात प्रभारी पारस मालिक और नोएडा एसटीएफ के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक ने संयुक्त टीम के साथ मिलकर शनिवार शाम आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद से ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।