हापुड़ के पिलखुवा में लाखन अंडरपास के ऊपर गुरुवार को एक सड़क हादसे में रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रिक्शा ड्राइवर गाजियाबाद से पिलखुवा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह लाखन अंडरपास के ऊपर पहुंचा, पीछे से आ रही वैगनआर कार ने रिक्शे में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर छिजारसी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है।
दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को एनएचएआई के हाइड्रा की मदद से सड़क से हटवाकर छिजारसी चौकी भिजवाया गया। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और आवागमन सुचारू कराया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
