सिडकुल हरिद्वार के बांसोवाली में 89 एकड़ भूमि पर एक नई आवासीय टाउनशिप विकसित करने जा रहा है, जिसे निजी विकासकर्ता को 90 साल की लीज पर दिया जाएगा। परियोजना में बहुमंजिला टावर, विला, सर्विस अपार्टमेंट और पेंटहाउस के साथ व्यावसायिक क्षेत्र तथा अस्पताल और स्कूल जैसी सार्वजनिक सुविधाएं शामिल होंगी।

सिडकुल प्रशासन के अनुसार, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और बढ़ती आबादी को देखते हुए यह टाउनशिप शहर के बाहरी क्षेत्र में विकसित की जाएगी। कुल 89 एकड़ में से करीब 64.88 एकड़ जमीन आवासीय उपयोग के लिए, 6.23 एकड़ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए और करीब 17.89 एकड़ जमीन सार्वजनिक व अर्धसार्वजनिक सुविधाओं के लिए निर्धारित की गई है। सार्वजनिक सुविधाओं वाले हिस्से में सड़क, जल निकासी और बिजली व्यवस्था के अलावा अस्पताल, डिस्पेंसरी, स्कूल, चाइल्ड केयर सेंटर, कैंटीन, क्लब और सामुदायिक केंद्र के लिए जगह रखी गई है।

जमीन के आवंटन के लिए सिडकुल ने 17,583 रुपये प्रति वर्ग मीटर की शुरुआती लीज प्रीमियम दर तय की है। इस दर से 3,60,183 वर्ग मीटर जमीन का बेस प्रीमियम करीब 633.31 करोड़ रुपये होगा और इच्छुक विकासकर्ता को इससे अधिक दर पर वित्तीय बोली देनी होगी। चयनित विकासकर्ता को अपने खर्च पर पूरी परियोजना तीन साल में विकसित करनी होगी और छह महीने के भीतर विस्तृत लेआउट प्लान स्वीकृति के लिए स्टेट इंडस्ट्रियल डवलपमेंट आथिरिटी के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।

राजाजी नेशनल पार्क के नजदीक स्थित इस क्षेत्र में पर्यावरणीय नियमों का पालन अनिवार्य होगा। 20 हजार वर्ग मीटर या अधिक निर्मित क्षेत्र वाली परियोजना के लिए राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण से पूर्व पर्यावरणीय स्वीकृति लेनी होगी, साथ ही अग्निशमन सुरक्षा और राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों का पालन भी जरूरी होगा।