हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में अब सभी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। नगर निगम की ओर से तैयार की गई मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि में ज्वालापुर का वह क्षेत्र भी शामिल है, जहां अब तक मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू नहीं था। नगर निगम की बोर्ड बैठक में समूचे नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया था।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के अनुसार, मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि 2026 तैयार कर प्रकाशन को भेज दी गई है। उपविधि के प्रकाशित होने के बाद नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में इसके प्राविधान प्रभावी हो जाएंगे। प्रतिबंध के तहत दुकानों पर मांस की बिक्री के साथ-साथ उसका भंडारण कर बिक्री के लिए प्रदर्शित करना भी प्रतिबंधित होगा। ऑनलाइन माध्यम, मोबाइल एप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मांस की डिलीवरी भी प्रतिबंध के दायरे में रहेगी।

नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने का प्राविधान किया गया है। पहली बार उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा, जबकि दूसरी बार उल्लंघन पर जुर्माना बढ़ाकर एक लाख रुपये हो जाएगा। ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित मांस की डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने के साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

नियमों के अनुपालन के लिए एक टीम भी गठित होगी। इस टीम को प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने, प्रतिबंधित सामग्री जब्त करने और उल्लंघन पर कार्रवाई का अधिकार होगा।