राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश तीसरी बार पद संभालने के बाद पहली बार शुक्रवार को अपने पैतृक गांव दलजीत टोला, बलिया पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। पटना से आरा होते हुए वे नाव के जरिए माहुली घाट पहुंचे और गंगा पार कर गांव आए। माहुली घाट पर खवासपुर के लोगों ने उनका स्वागत किया, जबकि दलजीत टोला में गाजे-बाजे के साथ ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर रामबाबू यादव, गजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, अर्जुन सिंह पल्लू, शिवपरसन सिंह, महंत यादव, विभूति यादव, रविंद्र सिंह और संतोष सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
शनिवार की सुबह से ही गांव में उनसे मिलने और बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सिताबदियारा के 27 टोलों से लोग बारी-बारी से पहुंचते रहे और गांव-समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दिनभर चर्चा होती रही। बलिया और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। ग्रामीणों के बीच उनकी सहजता और सादगी चर्चा का विषय बनी रही। लोगों का कहना था कि हरिवंश जब भी गांव आते हैं, उनके साथ न तो गाड़ियों का काफिला होता है और न ही कोई विशेष तामझाम।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान हरिवंश ने अपने बचपन और गांव से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1970 में उन्होंने गांव छोड़ा था और बचपन में नीम के पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई किया करते थे। उस समय गांव में स्कूलों की संख्या काफी कम थी, लेकिन शिक्षकों का स्नेह ऐसा था कि वे घर आकर भी पढ़ाते थे। उन्होंने स्वर्गीय राजकिशोर सिंह और सुरेश गिरि का विशेष स्नेह मिलने का जिक्र किया और कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, इसमें इन शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है।
विकास के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विकास की नई गति देखने को मिली है। सड़क नेटवर्क का विस्तार हो रहा है और गांवों को बेहतर संपर्क मार्गों से जोड़ा जा रहा है। बैरिया और आरा को जोड़ने के लिए गंगा पर पुल का निर्माण भी होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाएं पहले भी थीं, लेकिन क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं हुए। सिताबदियारा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने जयप्रकाशनगर क्षेत्र के विकास की नींव रखी, जबकि बिहार की सीमा में आने वाले गांवों की तस्वीर बदलने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज गांवों में बिजली, अस्पताल, सड़क और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने युवाओं से बेहतर समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की और कहा कि समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ाने की जरूरत है। गांव और समाज का विकास सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इस दौरान हरिवंश ने गांव के काली मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। मौके पर शिवपूजन सिंह, मुकेश सिंह, रामबिहारी सिंह, मोहन बिहारी सिंह, श्रीपति यादव और तेजन यादव समेत गांव के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
