हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका। उन्होंने गुरु घर में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और देश तथा प्रदेश की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने केसरी दस्तार सजाई थी।
दर्शन के बाद श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने हरियाणा, पंजाब और पूरे देश की संगत को गुरुपर्व की बधाइयां दीं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थान पर आकर मन को असीम शांति और नई ऊर्जा मिलती है।
प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए सैनी ने कहा कि गुरु साहिब का 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से मेहनत करने, प्रभु का नाम सिमरन करने और मिल-बांटकर खाने का संदेश आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरु साहिब की शिक्षाओं और सिद्धांतों को आत्मसात कर जनकल्याण तथा समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने संगत से गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने तथा आपसी भाईचारे, सेवा और मानवता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
