हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने पंचकूला में हुए संविधान रक्षा मार्च के जरिए संगठनात्मक परीक्षा में खुद को सफल साबित किया है। यह मार्च पार्टी के लिए इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि उसी दिन विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा था और पार्टी के विधायक विधानसभा की कार्यवाही में व्यस्त थे। ऐसे में मार्च में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी जिला प्रधानों, ब्लॉक प्रधानों और कांग्रेस के अग्रणी संगठनों पर थी। इन इकाइयों ने जिस तरह यह जिम्मेदारी निभाई, उसने कांग्रेस हाईकमान का ध्यान खींचा है।
कांग्रेस पहले भी प्रदेश में कई बड़े आयोजन कर चुकी है। नई दिल्ली में हुई रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके विधायक भीड़ जुटा चुके हैं, लेकिन पंचकूला का संविधान रक्षा मार्च कई मायनों में अलग था, क्योंकि यहां पार्टी ने विधायकों के सक्रिय सहयोग के बिना अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाई। प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों और संगठनात्मक ब्लॉक से कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने दिखाया कि संगठन की जड़ें जिला और ब्लॉक स्तर पर सक्रिय हो रही हैं।
लगातार तीन विधानसभा चुनावों में पराजय के बाद कांग्रेस के सामने कार्यकर्ताओं का मनोबल लौटाने, निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने और वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय बनाने की चुनौती थी। नए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के प्रयासों के साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा सहित वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी ने सामूहिक नेतृत्व को बल दिया है। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, धर्मपाल मलिक, चौधरी उदयभान और बीरेंद्र सिंह के प्रयासों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मार्च की सफलता के पीछे एक दिन की तैयारी नहीं, बल्कि पिछले महीनों में चल रही संगठनात्मक गतिविधियां भी रही हैं। ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों, दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान, गांवों और शहरी वार्डों में चौपालों तथा 'वोट रक्षक अभियान' के जरिए पार्टी ने सक्रियता बढ़ाने का प्रयास किया है। संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और संविधान रक्षा की शपथ ने मार्च को लोकतंत्र, समानता और सामाजिक न्याय के मुद्दों से जोड़ा। अब कांग्रेस की रणनीति रोजगार, किसान, महंगाई, कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की है। साथ ही मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और 'वोट चोरी' के आरोपों के जरिए चुनावी पारदर्शिता पर सवाल उठाया जा रहा है।
