हरियाणा में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वीरवार को अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों में कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने इन जिलों में वाहन चालकों से आराम से और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दो दिनों तक कोहरा छा सकता है।
रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। महेंद्रगढ़ में रात का तापमान 7.8 डिग्री तक पहुंच गया। दिन के समय धूप खिलने से अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम साफ होने के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी सुधार हुआ है और यह 120 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
पानीपत में नवंबर माह समाप्त होने में अब एक सप्ताह शेष है, लेकिन इस बार सर्दी की रफ्तार पिछले साल के मुकाबले धीमी नजर आ रही है। सुबह और शाम के समय ही ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। लोग सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनकर निकलने लगे हैं।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार पिछले साल 25 नवंबर को जिले का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि इस बार बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहा। पिछले साल के मुकाबले दिन का तापमान चार डिग्री अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि रात के तापमान में दोनों साल लगभग समानता है। पिछले साल 25 नवंबर को न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री था, जबकि इस बार भी न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
