हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में दहेज में बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता के साथ कथित रूप से मारपीट की। अगले दिन विवाहिता ने पति और उसके एक साथी पर कमरे में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का विवाह 21 नवंबर को सामूहिक विवाह योजना के तहत मथुरा जनपद के सुरीर क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुआ था। दोनों परिवारों के बीच पहले से रिश्ता तय था। दुल्हन के पिता की इच्छा पर अगले दिन 22 नवंबर को गांव में बारात लेकर दूल्हा पहुंचा था। स्वागत और अन्य रस्मों के बाद जयमाला का कार्यक्रम हुआ।
आरोप है कि जयमाला के बाद दूल्हे ने दुल्हन के पिता से दहेज में तय बुलेट बाइक मांगी। मांग पूरी न होने पर कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ने पर दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बुजुर्गों ने बातचीत की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी, जिसके चलते बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में पति और एक नामजद युवक के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत दो आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दहेज की मांग और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है, और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। यह जानकारी सादाबाद के सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने दी।
